तिरुपति मंदिर के फेमस लड्डू में बवाल मचा हुआ है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने खुद लड्डू में जानवरों की चर्बी और मछली के तेल की मिलावट का आरोप लगाया है। रिपोर्ट में भी मिलावट की पुष्टि हुई है। इस खबर से देशभर में हंगामा मचा हुआ है। इसी बीच एक परिवार तिरुपति दर्शन करने गया था। परिवार दर्शन के बाद लड्डू का प्रसाद लेकर घर लौटा। वह प्रसाद पूरे गांव में बांटना चाहता था। लेकिन पैकेट खोलते ही उनके होश उड़ गए।

लड्डू के पैकेट में गोंद मिलने से परिवार हैरान

लड्डू की जगह एक पैकेट में गोंद निकला। यह देखकर परिवार हैरान और गुस्से से भर गया। यह घटना गोल्लागुडेम पंचायत के कार्तिकेय बस्ती की है। डोंथु पद्मावती नाम की महिला अपने परिवार के साथ प्रसाद बांटना चाहती थीं। लेकिन पैकेट में गोंद निकलने से उन्हें बहुत दुख हुआ।

उनके बेटे डोंथु पवन कुमार ने बताया कि उनकी मां 19 सितंबर को तिरुपति गई थीं और 21 सितंबर को वापस आईं। लड्डू के पैकेट में गोंद मिलने से परिवार हैरान है। यह मामला सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। तिरुपति के भक्त TTD की इस हरकत पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। डोंथु पद्मावती ने भी इस घटना पर दुख जताया है।

प्रसादम फिर से कर रहा ट्रेंड

अब यह मामला तिरुपति लड्डू विवाद को और हवा दे रहा है। पहले ही लड्डू में मिलावट के आरोपों से भक्तों में रोष है। अब लड्डू के पैकेट में गोंद मिलने से TTD की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। और सोशल मीडिया पर एक बार फिर से प्रसादम ट्रेंड कर रहा है।