पटना: बिहार में बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी है! राज्य के स्वास्थ्य विभाग में 45 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां होने वाली हैं। इनमें डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन जैसे कई पद शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि अगले 6 महीनों में भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाए और अक्टूबर 2024 से नई नियुक्तियां शुरू हो जाएं।

50 फीसदी आरक्षण पर रोस्टर

दरअसल, पहले स्वास्थ्य विभाग ने 65 फीसदी आरक्षण के आधार पर भर्तियां निकालने की योजना बनाई थी, लेकिन पटना हाईकोर्ट के रोक लगाने के बाद अब पुराने नियमों के अनुसार ही भर्तियां की जाएंगी। विभाग को कुछ पदों के लिए 50% आरक्षण के आधार पर रोस्टर भी मिलने लगे हैं। उम्मीद है कि अगले महीने तक सभी पदों के लिए रोस्टर मिल जाएंगे और रिक्तियों की जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दी जाएगी।

इसके बाद तकनीकी सेवा आयोग और अन्य संबंधित आयोगों को जानकारी भेजी जाएगी। योग्य उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए लगभग एक महीने का समय दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग द्वारा चुने गए उम्मीदवारों की सूची स्वास्थ्य विभाग को भेजी जाएगी।

जून 2024 में लिया गया था फैसला

यह फैसला स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय द्वारा जून में विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया था। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे जल्द से जल्द सभी रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूरी करें। हाल ही में 770 दंत चिकित्सकों के पद स्वीकृत किए गए हैं। मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने भी स्वास्थ्य विभाग को सभी रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए हैं।

हालांकि, आरक्षण को लेकर चल रही अड़चनों के कारण भर्ती प्रक्रिया में देरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अक्टूबर अंत तक सभी 45 हजार पदों पर भर्तियां पूरी करने का था। लेकिन अब इसमें देरी होना तय है। विभाग ने डॉक्टर, दंत चिकित्सक, नर्स, ANM, GNM, CHO और पारा मेडिकल स्टाफ सहित सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी है।

सबसे अधिक नर्सों की बहाली

सबसे ज्यादा रिक्त पद नर्सों के हैं। लगभग 21 हजार पदों पर नर्सों की नियुक्ति होनी है। स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 1339 सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा 3523 विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी और 396 सामान्य चिकित्सा अधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे। संविदा के आधार पर 1290 सामान्य चिकित्सा अधिकारियों की भी नियुक्ति होनी है।

स्वास्थ्य विभाग में किन पदों पर कितनी नियुक्तियां होनी हैं

  • सहायक प्रोफेसर: 1339
  • विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी: 3523
  • सामान्य चिकित्सा अधिकारी: 396
  • सामान्य चिकित्सा अधिकारी (संविदा): 1290
  • दंत चिकित्सक: 64
  • नर्स: 6298
  • ANM: 15089
  • फार्मासिस्ट: 3637
  • एक्स-रे टेक्नीशियन: 803
  • OT असिस्टेंट: 1326
  • ECG टेक्नीशियन: 163
  • लैब टेक्नीशियन: 3080
  • ड्रेसर: 1562
  • CHO (संविदा): 4500