जिस फूफा के प्यार में कातिल बनी बीवी, अब वह होटल में पकड़ाया, बिहार पुलिस भी हैरान
औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र के बड़वान गांव के प्रियांशु सिंह की 24 जून 2025 को हत्या कर दी गई थी

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां पर एक पत्नी ने अपने फूफा के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी थी। पुलिस ने अब इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी 'फूफा' जीवन सिंह, वारदात के जगह से लगभग 1100 किलोमीटर दूर राजस्थान में एक होटल में पकड़ा गया है।
24 जून को हुई थी प्रियांशु सिंह की हत्या
पुलिस के अनुसार, नवीनगर थाना क्षेत्र के बड़वान गांव के प्रियांशु सिंह की 24 जून 2025 को हत्या कर दी गई थी। वह नवीनगर रोड स्टेशन से लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। प्रियांशु की शादी 21 मई को गुंजा सिंह से हुई थी। शादी के एक महीने बाद ही यह घटना हो गई।
फूफा के साथ गुंजा का अवैध संबंध
पुलिस जांच में पता चला कि गुंजा सिंह का अपने फूफा जीवन सिंह के साथ अवैध संबंध था। इतना ही नहीं, जीवन सिंह, गुंजा की शादी नहीं होने देना चाहता था। उसने कई बार शादी तुड़वाने की कोशिश भी की थी। शादी के बाद भी गुंजा अपने पति से दूरी बनाए हुए थी।
सुपारी देकर प्रियांशु को मरवाया था
पुलिस ने बताया कि गुंजा और जीवन ने मिलकर दो शूटरों को सुपारी देकर प्रियांशु को मरवाया था। पुलिस ने शूटरों और गुंजा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन मुख्य आरोपी जीवन सिंह फरार था। उसे राजस्थान पुलिस ने सवाई माधोपुर के रणथंभौर रोड पर एक होटल से गिरफ्तार किया। वह होटल में फर्जी पहचान पत्र के साथ रह रहा था।