Bihar Weather Update: बिहार में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Bihar Weather: बिहार में पिछले तीन दिनों से खराब मौसम का सिलसिला जारी है। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मौसम विभाग ने भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पटना: बिहार में मौसम पिछले दो-तीन दिनों से खराब है। तेज हवाएं चल रही हैं और कई जगहों पर बिजली भी गिर रही है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वी बिहार में ओले गिरने की आशंका है, जिससे किसानों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी बिहार के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, बारिश और बादल गरजने की संभावना है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी है।

मौसम विभाग ने भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में भारी बारिश और ओले गिर सकते हैं। बाकी जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है, इसलिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में बिहार के 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। आज दिन का तापमान 28°C से 32°C के बीच और रात का तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में नवादा में सबसे ज्यादा 4.1 मिमी बारिश हुई। गया में 3.0 मिमी, जहानाबाद में 2.5 मिमी, जमुई में 2.1 मिमी और औरंगाबाद में 2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। पटना, रोहतास, भोजपुर, बक्सर और नालंदा में भी हल्की बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में बिहार के तापमान में 8.2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि, रात में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। सबसे गर्म शहर गोपालगंज रहा, जहां तापमान 36.6°C दर्ज किया गया। वहीं, सबसे ठंडा शहर सहरसा का अगवानपुर रहा, जहां तापमान 14.5°C दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मध्य प्रदेश के मध्य भागों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक बना हुआ है। इसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ रहा है। हालांकि, वैज्ञानिकों का कहना है कि इस खराब मौसम में रविवार से सुधार होने की संभावना है।

Related Articles
प्रमुख खबर
Next Story
Share it