'छोटे सरकार' के गढ़ में अनंत सिंह पर झोंक दिया फायर, गोलियों की तड़तड़ाहट से कांप गया मोकामा
Anant Singh Firing: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह पर क्षेत्र भ्रमण के दौरान सोनू-मोनू गैंग ने गोलीबारी की। अनंत सिंह बाल-बाल बच गए। गोलीबारी से इलाके में तनाव बढ़ गया है। पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। बाढ़ डीएसपी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

पटना: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह पर जानलेवा हमला हुआ। अपराधियों ने उन पर गोलीबारी की। यह घटना मोकामा के नौरंगा-जलालपुर गांव में हुई। इस हमले में अनंत सिंह बाल-बाल बच गए। हमलावर कुख्यात सोनू-मोनू गैंग के सदस्य थे। माना जा रहा है कि यह हमला अनंत सिंह के एक फैसले के विरोध में किया गया।
दरअसल, पूर्व विधायक अनंत सिंह मोकामा के नौरंगा-जलालपुर गांव में थे। तभी सोनू-मोनू गैंग के गुंडों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अनंत सिंह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में कामयाब रहे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। बाढ़ के डीएसपी खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं, और मामले की जांच कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सोनू-मोनू गैंग ने एक परिवार को बुरी तरह पीटा था। उन्हें घर से निकालकर घर में ताला लगा दिया था। इसकी खबर मिलते ही अनंत सिंह पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंच गए। अनंत सिंह को देखते ही सोनू-मोनू गैंग के सदस्यों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलीबारी करते हुए वे वहां से भाग निकले। इस घटना में अनंत सिंह के साथ मौजूद उनके सहयोगी भी बाल-बाल बच गए।
यह घटना मोकामा में लंबे समय बाद हुई किसी बड़ी गैंगवार की घटना है। करीब दो दशक पहले अनंत सिंह का अपने चचेरे भाई विवेका पहलवान के साथ गैंगवार चलता था। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले दोनों के बीच समझौता हो गया था। अब सोनू-मोनू गैंग के रूप में अनंत सिंह के सामने एक नई चुनौती उभर कर सामने आई है। इस घटना ने मोकामा के शांत माहौल को अचानक से अशांत कर दिया है।
पुलिस प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं और अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस घटना से एक बार फिर मोकामा में गैंगवार के पुराने दिनों की याद ताजा हो गई है। देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस स्थिति से कैसे निपटता है।