मौसम का मिजाज बदल रहा है, बिहार वालों के लिए कल कैसा रहेगा? IMD ने आज ही बता दिया

Bihar Mausam Today: बिहार सहित पूरे देश में मौसम में बदलाव होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश और तापमान में गिरावट की संभावना है।

Patna News Today: बिहार समेत पूरे देश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को बारिश की संभावना है और बिहार में ठंड कम हो रही है। हालांकि, कुछ इलाकों में तापमान गिर सकता है, जिससे थोड़ी ठंड महसूस हो सकती है। लेकिन कड़ाके की ठंड की संभावना कम है। फरवरी के अंत तक बिहार से ठंड पूरी तरह चली जाएगी। पूर्वी भारत में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है।

स्काइमेट वेदर के मुताबिक, बुधवार को अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। असम, सिक्किम और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान बढ़ेगा, फिर घटेगा। उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर बांग्लादेश के पास एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम की हवाएं सक्रिय हैं। मंगलवार को तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। लेकिन बुधवार से 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। उत्तर बिहार में 12 फरवरी तक हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।

झारखंड में तापमान बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 11 फरवरी से सभी जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अगले दो दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। सुबह हल्की धुंध हो सकती है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण का हल्का असर कुछ दिनों बाद दिख सकता है। मतलब हवा का रुख बदलेगा और मौसम में थोड़ा बदलाव आएगा।

उत्तर प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक बारिश, शीतलहर या बादल के लिए कोई चेतावनी नहीं है। पूर्वी और पश्चिमी, दोनों हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है। अगले तीन दिनों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। उसके बाद तापमान में गिरावट आएगी।

Related Articles
प्रमुख खबर
Next Story
Share it