बिहार के युवाओं के लिए खुशखबरी है। नीतीश कुमार की सरकार पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती करने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को जल्द से जल्द खाली पदों को भरने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। दरअसल, बिहार पुलिस विभाग में स्वीकृत 2,29,139 पदों में से 1,23,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

विधानसभा चुनाव से पहले नौकरी देने का लक्ष्य

जानकारी के अनुसार, इसमें डीएसपी के 136 पदों के लिए बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इस भर्ती अभियान से न केवल बेरोजगारी कम होगी बल्कि राज्य की कानून व्यवस्था भी मजबूत होगी। बिहार सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।

बिहार पुलिस में सबसे अधिक महिलाएं

वर्तमान में बिहार पुलिस में लगभग 70000 से 75000 कांस्टेबल, 30000 ASI, SI और इंस्पेक्टर और 1000 डीएसपी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बिहार सरकार ने पुलिस भर्ती में 35% आरक्षण का प्रावधान रखा है। बिहार, देश का पहला ऐसा राज्य है जहां पुलिस विभाग में सबसे अधिक महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं। वर्तमान में 30000 महिलाएं बिहार पुलिस में अपनी सेवाएं दे रही हैं।