जबलपुर: भारतीय रेलवे के साथ इन दिनों अजीबोगरीब घटनाएं हो रही है। जबलपुर से मुंबई जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस के एसी कोच में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सीट पर अचानक से सांप रेंगने लगा। यह देखकर सीट पर आराम कर रहे यात्री के तो तोते उड़ गए। सांप को देखते ही उसने अन्य यात्रियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद तो ट्रेन के अंदर हड़कंप मच गया। हाल के दिनों में शायद पहली ऐसी घटना है, जह ट्रेन के अंदर सीट पर सांप को देखा गया है।


यह है पूरा मामला

दरअसल, गरीब रथ एक्सप्रेस 7 बजकर 50 मिनट पर जबलपुर से खुली थी। यहां से खुलने के कुछ देर बाद ट्रेन भुसावल और कसरा स्टेशन के बीच पहुंची थी। तभी कोच नंबर जी-17 में हड़कंप मच गया है। यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया कि बोगी में सांप है। बताया जा रहा है कि साइड बर्थ पर लेटे यात्री को सबसे पहले सांप रेंगते हुए दिखाई दिया था। इसके बाद तो उसके हवाई उड़ने लगे। तुरंत उसने यात्रियों को सूचना दी।


सुरक्षित सीट से नीचे उतरा

सांप को देखने के बाद सीट पर आराम फरमा रहा यात्री नीचे उतरा। इसके बाद रेलवे के स्टॉफ वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि यह सांप पांच फीट लंबा था। अचानक से बर्थ के अंदर से निकलकर वह चलने लगा था। बताया जा रहा है कि सांप सीट के अंदर घुसकर बैठा रहा होगा कि इसकी वजह से किसी को नहीं दिखा।

ट्रेन को रोका गया

सांप मिलने की जानकारी मिलते ही ट्रेन को वहां रोक दिया गया। इसके बाद रेलकर्मियों ने पूरी स्थिति को संभाला और यात्रियों को सुरक्षित किया। साथ ही कोच से सांप को निकाल लिया गया है। अब सवाल है कि रेलवे कोच के अंदर सांप कहां से पहुंचा। वो तो गनीमत रही कि समय रहते उसे देख लिया गया। इसकी वजह से यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

वहीं, पश्चिम मध्य रेलवे ने इस पर गंभीरता दिखाई है। मीडिया से बात करते हुए सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेन में सांप मिलने की घटना सामने आई है। इसकी जांच कराई जाएगी। यह अपने आप में एक दुर्लभ घटना है। यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। वहीं, जिस कोच में सांप मिला था, उसके छत्रपति शिवाजी टर्मिनल पर अलग कर दिया गया। इसके बाद जबलपुर वापस ट्रेन को भेज दिया गया है।