रूस ने दे दी सरमत मिसाइल की '3 मिनट' वाली धमकी, यूक्रेन-फ्रांस के साथ टेंशन में अमेरिका!

Ukraine-Russia War: रूस-यूक्रेन युद्ध के 900 दिन से अधिक हो चुके हैं। रूस ने पश्चिमी देशों को चेतावनी दी है कि उसकी सरमत मिसाइल अमेरिका के सहयोगी देशों तक सिर्फ तीन मिनट 20 सेकंड में पहुंच सकती है।

Update: 2024-09-20 13:35 GMT

International News Today: रूस ने यूक्रेन को हथियार देने वाले पश्चिमी देशों को एक बार फिर धमकी दी है। रूस ने कहा है कि अगर पश्चिमी देश यूक्रेन को हथियार देना बंद नहीं करते हैं, तो वो अपने खतरनाक सरमत मिसाइल से हमला कर सकता है। रूस का कहना है कि यह मिसाइल अमेरिका के सहयोगी देशों तक सिर्फ तीन मिनट 20 सेकंड में पहुंच सकती है। रूस ने यह धमकी यूरोपीय संसद द्वारा यूक्रेन को और हथियार देने की मांग के बाद दी है।

रूस और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ रहा तनाव

दरअसल, यूक्रेन को लेकर रूस और पश्चिमी देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। रूस पिछले 900 दिनों से भी अधिक समय से यूक्रेन के साथ युद्ध लड़ रहा है। इस दौरान अमेरिका समेत कई पश्चिमी देश यूक्रेन को हथियारों की मदद कर रहे हैं। रूस ने कई बार पश्चिमी देशों को चेतावनी दी है कि वो यूक्रेन को हथियार देना बंद कर दें, लेकिन पश्चिमी देश अपनी जिद पर अड़े हुए हैं।

हाल ही में यूरोपीय संसद ने यूक्रेन को और हथियार देने की मांग की थी। यूरोपीय संसद ने अपने सदस्य देशों से कहा है कि वे यूक्रेन को रूस के खिलाफ पश्चिमी हथियार प्रणालियों का उपयोग करने की अनुमति दें। इसके बाद ही रूस ने यह कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रूस के बड़े नेता व्याचेस्लाव वोलोडिन ने कहा है कि स्ट्रासबर्ग तक सरमत मिसाइल की उड़ान का समय सिर्फ 3 मिनट 20 सेकंड है। वोलोडिन ने यह बात टेलीग्राम पर लिखी है। वोलोडिन 2016 से रूसी संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष हैं।

रूसी सरमत मिसाइल की रेंज

सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के अनुसार, रूसी सरमत मिसाइल की रेंज 6,214 से 11,184 मील के बीच है। यानी यह मिसाइल फ्रांस तक मार कर सकती है। दूसरी तरफ, यूक्रेन अमेरिका समेत पश्चिमी देशों से लंबी दूरी के हथियारों की मांग कर रहा है। माना जा रहा है कि अमेरिका और ब्रिटेन ने यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलें देने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोडोमीर जेलेंस्की जल्द ही अमेरिका की यात्रा पर जाने वाले हैं। इस दौरान उनके अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात करने की संभावना है। माना जा रहा है कि अब अगर अमेरिका ने यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलें दी, तो रूस और भड़क सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में रूस और पश्चिमी देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है।

क्या है सरमत मिसाइल

रूस की सरमत मिसाइल दुनिया की सबसे खतरनाक मिसाइलों में से एक है। यह एक इंटर कॉन्टिनेन्टल बैलिस्टिक मिसाइल है। रूस ने यूक्रेन युद्ध के दौरान ही इसे तैनात कर दिया था। इस मिसाइल को रूसी कंपनी मेकयेव रॉकेट डिजायइन ब्यूरो ने बनाया है। यह मिसाइल 35.3 मीटर लंबी और 3 मीटर व्यास की है। यह 200 टन से अधिक वजन के हथियार ले जा सकती है। यह मिसाइल एक बार में 10 से 15 वॉरहेड लॉन्च कर सकती है। इसकी मारक क्षमता 18,000 किलोमीटर दूर तक है। यानी यह पूरी दुनिया में कहीं भी वार कर सकती है।

Similar News