चेहरे पर तुरंत शीशे सी चमक ला देंगे ये उपाय, पुराने जमाने की रानियां भी हो जाएंगी 'फेल'

Beauty Secrets: पुराने जमाने में केसर, शहद, तुलसी और नीम जैसी प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल होता था, जिनके कोई साइड इफेक्ट नहीं होते थे। आज हम आपको बताएंगे कि कैसे आप इन चीजों का इस्तेमाल करके अपनी खूबसूरती को बढ़ा सकते हैं।

Update: 2024-09-18 16:02 GMT

भारत के इतिहास में रानियों की खूबसूरती का राज प्राकृतिक चीजों में छिपा था। केसर, शहद, तुलसी और नीम जैसी सामग्रियों का इस्तेमाल वे अपनी त्वचा और बालों की देखभाल के लिए करती थीं। इनका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता था और ये त्वचा को चमकदार बनाते थे। आज हम आपको पुराने जमाने की राजकुमारियों के खूबसूरती के राज बताएंगे। ये राज हमें आयुर्वेद से मिले हैं, जिनका इस्तेमाल सदियों से त्वचा की रंगत निखारने और बालों को घना बनाने के लिए किया जाता रहा है।

पुराने जमाने की रानियां क्या-क्या करती थीं इस्तेमाल

दरअसल, पुराने जमाने में रानियां अपनी त्वचा की चमक बढ़ाने के लिए केसर का इस्तेमाल करती थीं। कहते हैं कि मिस्र की रानी क्लियोपेट्रा गधी के दूध में केसर मिलाकर नहाया करती थीं। हालांकि आज के समय में यह संभव नहीं है, लेकिन आप दूध या मलाई में केसर मिलाकर रात भर के लिए रख दें और सुबह इसे अपने चेहरे पर लगा लें। कुछ ही दिनों में आपके चेहरे की रंगत निखरने लगेगी।

दाग-धब्बों को दूर करने को इस्तेमाल करें शहद

दाग-धब्बों को दूर करने के लिए रानियां शहद का इस्तेमाल करती थीं। शहद में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं जो जलने के निशान को कम करने में मदद करते हैं। आप कच्चे शहद को जले हुए स्थान पर लगा सकते हैं या फिर मलाई, चंदन और बेसन के साथ मिलाकर फेस पैक बना सकते हैं। यह आपके चेहरे के दाग-धब्बों को कम करने में मदद करेगा और आपकी त्वचा को मुलायम और चमकदार बनाएगा।

मुहांसों को दूर भगाने के लिए तुलसी

तुलसी के पत्तों में कई औषधीय गुण होते हैं। पुराने समय में तुलसी के पत्तों का इस्तेमाल सांप और बिच्छू के काटने पर भी किया जाता था। तुलसी के पत्तों का पेस्ट मुहांसों को दूर भगाने में मदद करता है। आप तुलसी के पत्तों को पीसकर उसमें थोड़ा सा दूध मिलाकर चेहरे पर लगा सकते हैं। यह आपके मुहांसों को कम करने में मदद करेगा।

नीम के पत्ते से बाल होंगे चमकदार

नीम के पत्ते बालों को चमकदार बनाने के लिए एक बेहतरीन उपाय हैं। पुराने समय में रानियां नीम के तेल से अपने बालों की मालिश करती थीं। नीम के तेल में मौजूद एंटी-फंगल गुण रूसी को दूर भगाने और बालों को चमकदार बनाने में मदद करते हैं। आप भी नीम के तेल को अपने बालों की देखभाल के तरीकों में शामिल कर सकते हैं।

नीम के पत्तों में एंटीबैक्टीरियल गुण भी होते हैं जो इसे एक बेहतरीन टोनर बनाते हैं। नीम के पत्तों को पानी में उबालकर, आप एक प्राकृतिक टोनर बना सकते हैं। इसे कॉटन की मदद से अपने चेहरे पर लगाएं। यह आपके चेहरे से मुहांसों को दूर करने में मदद करेगा। आप नीम के पत्तों को पीसकर दही में मिलाकर फेस पैक भी बना सकते हैं। यह आपकी त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में मदद करेगा।

नोट: यह ध्यान रखना जरूरी है कि हर किसी की त्वचा अलग होती है और हो सकता है कि ये नुस्खे सभी के लिए समान रूप से प्रभावी न हों। किसी भी नए नुस्खे को आजमाने से पहले, अपनी त्वचा पर पैच टेस्ट जरूर कर लें। यदि आपको किसी भी तरह की एलर्जी या जलन महसूस होती है, तो इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें।

Similar News