Champions Trophy Final: चैंपियंस ट्रॉफी पर भारत का कब्जा, पूरे देश में जश्न, रोहित शर्मा बने मैन ऑफ द मैच

चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हार दिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम ने तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। पूरे भारत में इसके बाद जश्न का माहौल है।;

Update: 2025-03-09 16:40 GMT

दुबई : 12 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। दुबई में हो रहे फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया है। इसके बाद पूरे देश में खुशी की लहर है। भारत में हर जगह आतिशबाजी हो रही है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने 10 महीने के अंदर दो आईसीसी ट्रॉफी जीती है। चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम पूरी तरह से अजेय रही है। भारतीय बल्लेबाजों से लेकर गेंदबाजों तक ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2013 के बाद जीती है। इसके साथ ही भारतीय टीम सबसे अधिक बार चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम बन गई है। वहीं, रोहित शर्मा मैन ऑफ द मैच बने हैं।

दुबई के स्टेडियम में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 251 रन पर सिमट गई है। 252 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की जबरदस्त शुरुआत हुई है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने जबरस्त शुरुआत दी है। हालांकि बीच में भारतीय पारी लड़खड़ाई थी। लगातार 17 रन के अंदर तीन विकेट गिर गए थे। श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने भारतीय पारी को संभाला। साथ ही 61 रन की साझेदारी की। इसके बाद भारतीय टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई।

फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया है। इसके बाद मैदन में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने विकेट पकड़कर डांस किया है। पूरे भारतीय खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। दुबई में स्टेडियम खचाखच भरा है। तमाम भारतीय खिलाड़ियों ने हर मैच में लाजवाब पारी खेली है। टीम की जरूरत के हिसाब से खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया है।

गौरतलब है कि भारतीय टीम सबसे पहले 2002 में श्रीलंका के साथ संयुक्त रूप से चैंपियंस बनी थी। इसके बाद भारतीय टीम 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती। अब 2025 में भारतीय टीम चैंपियन बनी है। वहीं, भारत की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं बधाई दी है। यह 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात है। आपको बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी का होस्ट पाकिस्तान था। लेकिन भारत की वजह से फाइनल मुकाबला दुबई में हुआ है। 

Similar News